सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कर्मचारी रामप्रकाश वर्मा सेवानिवृत्त, सम्मान समारोह में अधिकारियों ने दी भावभीनी विदाई

Friday, Jul 31, 2026-06:27 PM (IST)

जयपुर | सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक कर्मचारी रामप्रकाश वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को विभागीय कर्मचारी यूनियन की ओर से सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, रामप्रकाश वर्मा के परिजनों और मित्रों ने भाग लेकर उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को याद किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी पद का महत्व उसके आकार से नहीं, बल्कि उस पद पर कार्य करने वाले व्यक्ति की निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से तय होता है। उन्होंने कहा कि आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करना ही वास्तविक जिम्मेदारी है।

वहीं अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. गोरधन लाल शर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह वह समय है जब व्यक्ति अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में कर सकता है तथा जीवन में प्राप्त उपलब्धियों का कुछ हिस्सा समाज को लौटाने का अवसर मिलता है।

अतिरिक्त निदेशक (सूजस) नर्बदा इन्दौरिया ने रामप्रकाश वर्मा की विभागीय सेवाओं की सराहना करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं सफल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारी यूनियन के संरक्षक रवि पारीक तथा कार्यवाहक अध्यक्ष अनिल सोनी और महेन्द्र ने रामप्रकाश वर्मा का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मान किया। उन्होंने विभाग और कर्मचारी यूनियन के प्रति उनके समर्पण, ईमानदारी और योगदान की प्रशंसा की।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक मनमोहन हर्ष, जसराम मीणा, कर्मचारी संघ के कुलदीप शर्मा, युवराज, कमल किशोर वर्मा, गिरीश जैन, अविनाश, प्रीतम सिंह, यदुकृष्ण शर्मा, विकास जाटव सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी रामप्रकाश वर्मा के कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं।


Content Editor

LUCKY SHARMA

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News