राजस्थान फाउंडेशन और 34 संस्थाओं द्वारा दिल्ली में 77वें ''राजस्थान दिवस समारोह'' का भव्य आयोजन
Tuesday, Mar 17, 2026-04:47 PM (IST)
दिल्ली: दिल्ली में रविवार को राजस्थान फाउंडेशन की दिल्ली शाखा, राजस्थानी मित्र मंडल और एन सी आर दिल्ली में प्रवासी राजस्थानियों की 34 संस्थाओं द्वारा सामूहिक रूप से 77 वें 'राजस्थान दिवस समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं और राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर की सराहना की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजस्थान के वीरता, लोकसंगीत, हस्तकला और उत्सवों की समृद्ध परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान भारतीय संस्कृति का एक उज्ज्वल अध्याय है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के तीज-त्योहारों और गणगौर जैसे उत्सवों ने न केवल राजस्थान, बल्कि देशभर में सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखा है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंच पर घूमर नृत्य किया और दर्शकों ने उनके नृत्य पर करतल ध्वनि से स्वागत किया। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों को राजस्थान दिवस और गणगौर की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चांदोलिया, विधायक करतार सिंह तंवर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में दिल्ली का अब तक का सबसे बड़ा 'महाघूमर नृत्य' प्रस्तुत किया गया और राजस्थान में निवेश करने वाले भामाशाहों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन राजधानी में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों के लिए एक प्रमुख सांस्कृतिक उत्सव था।
प्रारंभ में राजस्थान फाउंडेशन की दिल्ली शाखा के अध्यक्ष सी ए आर ए किला ने आगंतुकों का स्वागत किया और इस भव्य आयोजन की सफलता का श्रेय सभी प्रवासी राजस्थानियों को दिया।
