टोंक रोड एक्सीडेंट: ईद से पहले चाचा-भतीजे के जनाजे, कठमाणा गांव में पसरा मातम
Wednesday, Mar 18, 2026-06:57 PM (IST)
ईद की खुशियां मातम में बदली
टोंक जिले के कठमाणा गांव में ईद की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। इफ्तार के बाद बाजार से लौट रहे तीन किशोरों की बाइक नागजी मोड़ पर एक कार से टकरा गई।
इस हादसे में चाचा-भतीजे सहित दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। मंगलवार को जब दोनों के जनाजे एक साथ उठे, तो गांव में हर ओर सिसकियां और नम आंखें नजर आईं।
जोरदार टक्कर के बाद खेत की जाली में गिरे
पुलिस के अनुसार स्टेट हाईवे-121 पर रात करीब 8 बजे कठमाणा की ओर से आ रही कार और रानोली की तरफ जा रही मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क किनारे खेत की कंटीली तारों और जाली में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एम्बुलेंस में देरी, ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस चौकी रानोली को सूचना दी। समय की नाजुकता को देखते हुए ग्रामीणों ने घायलों को मोटरसाइकिल से ही रानोली अस्पताल पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें पीपलू सीएचसी रेफर किया गया। लेकिन रानोली में एम्बुलेंस सुविधा नहीं होने के कारण नानेर से एम्बुलेंस बुलानी पड़ी, जो करीब 40 मिनट बाद पहुंची।
दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
पीपलू अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद फारुख (22) और शोहेब (15) को मृत घोषित कर दिया। वहीं आदिल (14) की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है।
झिराना थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि तीनों युवक कठमाणा गांव के निवासी थे और ईद की खरीदारी कर लौट रहे थे।
9वीं कक्षा का छात्र था शोहेब
मृतक शोहेब गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था और इन दिनों उसकी परीक्षाएं चल रही थीं। वहीं फारुख गांव में मौलाना का कार्य करता था।
पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
एक ही पल में बुझ गए दो घरों के चिराग
प्रत्यक्षदर्शियों भंवरलाल मीणा और हर्ष मीणा ने बताया कि वे नागजी मोड़ स्थित दुकान से लौट रहे थे, तभी जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे ने एक ही पल में दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जहां कुछ समय पहले ईद की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब गांव में सन्नाटा और मातम का माहौल है।
