राजस्थान में गर्मियों से पहले पेयजल को लेकर बड़ा एक्शन प्लान: बीसलपुर बांध से सप्लाई का नया सिस्टम, नई पाइपलाइन की DPR जल्द
Monday, Mar 16, 2026-02:42 PM (IST)
गर्मियों से पहले पेयजल व्यवस्था को लेकर सरकार अलर्ट
राजस्थान में आने वाली गर्मियों को देखते हुए पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने रविवार को सूरजपुरा फिल्टर प्लांट सभागार में विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में जयपुर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों के दौरान आमजन को पानी की किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।
बीसलपुर बांध से जल वितरण का वैज्ञानिक प्रबंधन
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बीसलपुर बांध में मौजूद जलस्तर और उससे जयपुर, अजमेर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही जलापूर्ति की जानकारी दी।
मंत्री चौधरी ने निर्देश दिए कि बीसलपुर बांध में उपलब्ध पानी के आधार पर जल वितरण व्यवस्था का वैज्ञानिक तरीके से संचालन किया जाए, ताकि पूरे क्षेत्र में संतुलित और नियमित जलापूर्ति बनी रहे।
पाइपलाइन और पंपिंग स्टेशन की होगी नियमित मॉनिटरिंग
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों के दौरान जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पाइपलाइन, पंपिंग स्टेशन और फिल्टर प्लांट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
इसके अलावा टोडारायसिंह क्षेत्र के लिए प्रस्तावित फिल्टर प्लांट के लिए उपलब्ध भूमि का उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
नई पाइपलाइन परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश
बैठक में टीएम-01 परियोजना के तहत टोडारायसिंह से मालपुरा, दूदू और सांभर तक डाली जा रही पेयजल पाइपलाइन की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इसके साथ ही टीएम-02 झिराना-निवाई पाइपलाइन परियोजना का काम जल्द शुरू करने के लिए अधिकारियों को योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जयपुर शहर की भविष्य की पेयजल जरूरतों को देखते हुए नई पाइपलाइन और फिल्टर प्लांट के लिए डीपीआर (Detailed Project Report) जल्द तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अवैध कनेक्शन पर होगी सख्त कार्रवाई
जलदाय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर जल’ लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल की चोरी या अवैध कनेक्शन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
यदि कोई व्यक्ति पेयजल की चोरी करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संभावित जल संकट के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि संभावित जल संकट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं, ताकि जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य अभियंता देवराज सोलंकी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़, अधीक्षण अभियंता भुवनेश्वर अग्निहोत्री, सुधीर वर्मा, अधिशासी अभियंता रविंद्र मीणा, योगेंद्र कुमार, मनीष बंसल, सहायक अभियंता विकास जैन, मालाराम जाट, कृषि मंडी अध्यक्ष महावीर धाकड़ और भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
