टोंक में कंबल वितरण विवाद: पूर्व सांसद पर धर्म पूछकर कंबल वापस लेने का आरोप

Monday, Feb 23, 2026-03:40 PM (IST)

टोंक: टोंक जिले में कंबल वितरण कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया पर आरोप है कि उन्होंने निवाई तहसील के ग्राम करेड़ा बुजुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक मुस्लिम महिला से धर्म पूछकर दिया गया कंबल वापस ले लिया। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यक्रम में एक जरूरतमंद महिला को पहले कंबल दिया गया, लेकिन जब उसने स्वयं को मुस्लिम बताया तो कथित रूप से उससे कंबल वापस ले लिया गया। इस व्यवहार को ग्रामीणों ने भेदभावपूर्ण और अमानवीय बताया। विरोध करने पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि कंबल वितरण का उद्देश्य जरूरतमंदों की मदद करना होता है, न कि धर्म के आधार पर भेदभाव करना। गांव में लंबे समय से सभी समुदाय आपसी भाईचारे से रहते आए हैं, लेकिन इस घटना ने सामाजिक सौहार्द को प्रभावित किया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

 

विवाद के बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विक्रम चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांव पहुंचे और महिलाओं को कंबल वितरित कर विरोध दर्ज कराया। यूथ कांग्रेस ने इसे पूरे जिले का अपमान बताते हुए भाजपा पर समाज को बांटने का आरोप लगाया।

 

मामले में पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने सफाई देते हुए कहा कि कार्यक्रम निजी था और इसमें किसी सरकारी योजना या धन का उपयोग नहीं हुआ। उन्होंने भेदभाव के आरोपों से इनकार किया।

 

वहीं, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने वीडियो साझा कर इस घटना की निंदा की और इसे भेदभावपूर्ण आचरण बताया।

 

फिलहाल प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहा है। घटना के बाद जिले की राजनीति गर्मा गई है और विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगेगी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News