पीएम आवास योजना-ग्रामीण: पात्र परिवारों को मिलेगा पक्का घर, आवेदन की अंतिम तिथि 1 मार्च
Wednesday, Feb 25, 2026-05:15 PM (IST)
श्रीगंगानगर: श्रीगंगानगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बेघर और कच्चे मकानों में रह रहे पात्र परिवारों के लिए राहत की खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत आवास प्लस-2024 मोबाइल एप के माध्यम से छूटे हुए परिवारों का सर्वे पुनः अपलोड करने का अवसर दिया गया है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान 23 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक चलेगा। पूर्व निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद तकनीकी समस्याओं, पलायन या अन्य कारणों से जो पात्र परिवार सर्वे में शामिल नहीं हो सके थे, उन्हें अब ग्राम पंचायत स्तर पर एलजीडी कोड सहित सूचीबद्ध कर दोबारा मौका मिलेगा। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम अवसर है और 1 मार्च के बाद कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
जिला परिषद के एसीईओ हरिराम चौहान ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने नहीं पाए, इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और सर्वे कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
हरिराम चौहान ने अपील की है कि जिन परिवारों का सर्वे अब तक नहीं हुआ है, वे तत्काल अपने संबंधित ग्राम पंचायत से संपर्क करें और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजना के लाभों को सुनिश्चित करने और पात्र परिवारों को पक्का घर दिलाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
फैक्ट फाइल:
योजना: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण
माध्यम: आवास प्लस-2024 मोबाइल एप
अवधि: 23 फरवरी से 1 मार्च 2026
लाभ: छूटे पात्र परिवारों को पुनः सर्वे का अवसर
जिम्मेदारी: ग्राम पंचायत स्तर पर सूचीबद्ध कर अपलोड सुनिश्चित करना
विशेष: 1 मार्च के बाद कोई अतिरिक्त समय नहीं
इस अभियान से ग्रामीण परिवारों को स्थायी घर मिलने की संभावना बढ़ गई है और सरकारी मकानों का लाभ छूटने वाले किसी भी पात्र परिवार को अब अंतिम मौका दिया जा रहा है।
