बाबा खाटू श्याम जाने वालों की हुई मौज, रींगस-सीकर ट्रैक होगा डबल

Friday, Feb 13, 2026-03:48 PM (IST)

सीकर। बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु राजस्थान पहुंचते हैं। अब उनके लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने रींगस-सीकर रेलखंड के दोहरीकरण को मंजूरी दे दी है। लगभग 50 किलोमीटर लंबी इस रेल पटरी को डबल करने के लिए 470.34 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस फैसले से ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए स्टेशनों पर लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और सफर तेज व सुगम होगा।

 

इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ Khatu Shyam Ji Temple आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा। रींगस जंक्शन को प्रमुख रेलवे हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे जयपुर और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ उनकी गति में भी सुधार होगा।

 

शेखावाटी क्षेत्र शिक्षा, संस्कृति और सेना में योगदान के लिए जाना जाता है। पिलानी और लक्ष्मणगढ़ जैसे शिक्षा केंद्रों के छात्रों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। वहीं भारतीय सेना में कार्यरत हजारों जवानों को घर आने-जाने में आसानी होगी। नवलगढ़, फतेहपुर, मंडावा और झुंझुनूं की ऐतिहासिक हवेलियों तक पहुंच भी अब अधिक सुगम होगी।

 

इसके साथ ही रींगस से खाटूश्यामजी तक 18 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का कार्य भी तेज किया जा रहा है, जिस पर 254 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सीकर और रींगस रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का काम भी प्रगति पर है। इन विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News