सीकर में भगेगा पटवारी 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Monday, Feb 02, 2026-03:46 PM (IST)

सीकर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सीकर जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भगेगा पटवार हल्के के पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर यह कार्रवाई सीकर इकाई द्वारा की गई।

 

एसीबी को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी से उसके पिता एवं चाचा के नाम जमाबंदी रिकॉर्ड में दुरुस्ती कराने की एवज में 7,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। परिवादी ने जब बार-बार दबाव बनाए जाने से परेशान होकर एसीबी से संपर्क किया, तो मामले की गोपनीय जांच की गई। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।

 

एसीबी जयपुर के उपमहानिरीक्षक पुलिस (चतुर्थ) अनिल कयाल के सुपरविजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक सुभाष मील के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी पटवारी सुमन कुमारी ने परिवादी से रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

 

आरोपिया सुमन कुमारी पटवारी, पटवार हल्का भगेगा, तहसील नीमकाथाना, जिला सीकर में कार्यरत है। एसीबी ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

 

एसीबी के महानिरीक्षक सत्येंद्र कुमार के सुपरविजन में मामले की आगे की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

एसीबी अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत एसीबी से संपर्क करें। भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसे कदम न केवल दोषियों को सजा दिलाने में मदद करते हैं, बल्कि सिस्टम को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में भी मजबूत पहल साबित होते हैं।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News