सवाई माधोपुर: 30 करोड़ की सड़क बनी ‘गड्ढा मार्ग’, एक महीने में खुली निर्माण की पोल, ग्रामीणों ने दी चेतावनी

Wednesday, Feb 18, 2026-04:36 PM (IST)

सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर के भाड़ौती कस्बे से भाड़ौती-मखौली मार्ग का नवनिर्मित सड़क निर्माण महज एक महीने में ही गड्ढों में तब्दील हो गया है। 30 करोड़ रुपए की लागत से बने इस मार्ग पर डामर उखड़ने और बड़े गड्ढे बनने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

 

घटिया निर्माण का आरोप
ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण सामग्री घटिया और मापदंडों के अनुरूप नहीं इस्तेमाल किए गए। सड़क निर्माण कार्य के दौरान पिछले महीने जनवरी में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने कार्य रोकवा दिया था। दो घंटे बाद ठेकेदार और कनिष्ठ अभियंता द्वारा आश्वासन देने के बाद सड़क निर्माण फिर शुरू किया गया, लेकिन सड़क बनने के तुरंत बाद ही डामरीकरण उखड़ने लगा। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह निकल गई।

 

ग्रामीणों की चेतावनी
स्थानीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

मार्ग की अहमियत
भाड़ौती-मखौली मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क की खस्ता हालत से रोजमर्रा की गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया।

 

यह मामला स्थानीय प्रशासन और ठेकेदार के लिए गंभीर चुनौती बन गया है, और ग्रामीणों का धैर्य सीमा पर है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News