ASI सहित चार लोगों पर युवक ने लगाए अपहरण और वसूली के संगीन आरोप, क्या है मामला?

Monday, Apr 20, 2026-07:15 PM (IST)

नागौर: नागौर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने खुद कानून व्यवस्था से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवक नरपत राम ने जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर बताया कि 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:00 से 10:30 बजे के बीच वह मोटरसाइकिल से छिला से नागौर आ रहा था, तभी एक बिना नंबर प्लेट वाली इनोवा कार ने उसे रोक लिया।

 

शिकायत के अनुसार, कार में सवार चार व्यक्तियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बिठा लिया और फिर उसे सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की। आरोप है कि इन व्यक्तियों ने युवक से 25,400 रुपये नकद और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।

 

युवक के अनुसार, आरोपी नशे में थे और उनके पास शराब की बोतलें भी थीं, जिससे उनका व्यवहार और भी आक्रामक हो गया। उन्होंने युवक से दो लाख रुपये वसूलने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद डर के मारे युवक ने अपने परिजनों को फोन करके पैसे मंगवाए और करीब 45 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए।

 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने युवक का एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उससे जबरन आपराधिक गतिविधि स्वीकार करवाने की कोशिश की गई। आरोपियों में एक व्यक्ति पुलिस थाना श्रीबालाजी में तैनात ASI बताया गया है, जबकि दूसरा हेड कांस्टेबल है। एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर होने का भी आरोप लगाया गया है।

 

इसके बाद, आरोपियों ने युवक से एटीएम से भी पैसे निकलवाए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। रात करीब 1 बजे आरोपी युवक को नागौर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए।

 

पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मामले की गहनता से जांच करने की बात कही है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News