जैसलमेर में गरीबों के निवाले पर चला पीला पंजा, दशकों से आजीविका कमा रहे लोगो की हटाई केबिने
Saturday, Aug 08, 2026-01:52 PM (IST)
जैसलमेर। राजस्थान में जैसलमेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र रामगढ़ ग्राम पंचायत ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिसके तहत आसुतार चौराहे पर वर्षों से लगे केबिनों को हटवा दिया। पंचायत द्वारा 30 जुलाई को सार्वजनिक नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने शेष बचे कब्जों को हटाने की कार्रवाई की।
इस कार्रवाई से जहां पंचायत ने सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही, वहीं वर्षों से केबिन लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले गरीब लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। रामगढ़ के आसुतार चौराहे पर ग्राम पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। पंचायत ने 30 जुलाई को सार्वजनिक नोटिस चस्पा कर सभी अतिक्रमणकारियों को निर्धारित समय में स्वयं अपने केबिन हटाने के निर्देश दिए थे। नोटिस अवधि के दौरान अधिकांश केबिन संचालकों ने स्वयं ही अपने केबिन हटा लिए।
शुक्रवार को पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और जो कब्जे शेष रह गए थे, उन्हें हटाने की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि आसुतार चौराहे पर दो दर्जन से अधिक केबिन वर्षों से लगे हुए थे। इनमें से अधिकांश केबिन गरीब और मेहनतकश परिवारों के थे, जो इन्हीं के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
कार्रवाई के बाद सार्वजनिक भूमि अतिक्रमण मुक्त हो गई है, लेकिन दूसरी ओर कई परिवारों के सामने रोजगार और आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है। अब स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास या वैकल्पिक रोजगार की दिशा में भी प्रशासन उचित कदम उठाए, ताकि उनके सामने रोजी-रोटी का संकट गहराने न पाए।
