क्राइम और करप्शन से प्रदेश की चिंताजनक हालत - अशोक गहलोत
Friday, Jun 13, 2025-02:04 PM (IST)

चित्तौड़गढ़, 13 जून 2025 । प्रदेश की वर्तमान सरकार की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है और प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। चाल, चरित्र एवं चेहरे की बात करने वाले ही इतने करप्ट निकलेंगे कि कोई सोच भी नही सकता था। क्राईम एवं करप्शन का ग्राफ बढ़ने से प्रदेश की हालत चिन्ताजनक हो गई हैं। बजरी माफिया बहुत दुख पहुंचा रहे है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार को एक रिसोर्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरूवार को प्रतापगढ़ जाते हुए अल्प प्रवास पर चित्तौड़गढ़ पहुंचे। यहां रिसोर्ट में कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करने से पूर्व उन्होने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की वर्तमान सरकार को आड़े हाथों लिया।
उन्होने कहा कि सरकार में जनता की सुनने वाला अभी कोई नही है। सूबे के मुख्यमंत्री जनसुनवाई तो कभी करते नही है बस दौरे ही दौरे पर चल रहे है। दौरे पर ही हमेशा व्यस्त रहते है। गहलोत ने कहा कि प्रदेश में क्राईम और करप्शन दोनों ही बढ़े है। अपराधियों में कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है। प्रदेश में अघोशित बिजली कटौती से जनता त्रस्त है और आरजीएचएस जैसे महत्वपूर्ण स्कीम को तो मटियामेट ही करके रख दिया है। स्कीमें कागजों में तो चल रही है लेकिन धरातल पर वो बिल्कूल गायब है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के समय चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लाभार्थी को निःशुल्क 25 लाख रुपए तक का कैशलेश इलाज की सुविधा प्रदान की जाती थी,जिसे वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होने कहा कि चाल, चरित्र व चेहरे की बातें करने वाले भी इतने बेईमान निकलेंगे यह तो जनता ने सपने में भी नही सोचा था। बजरी माफिया प्रदेश वासियों को बहुत दुख पहुंचा रहे है तथा स्थिति यह हो गई है कि मध्यम वर्ग का व्यक्ति भी सपनें में भी खुद का आशियाना बनाने की नही सोच पा रहा है। पुलिस व प्रशासन के पास पॉवर होते हुए भी वे स्वयं कुछ नही कर पा रहे है जो मिली भगत को दर्शाता है। प्रदेश में कानून की स्थिति बहुत ज्यादा बिगड़ चुकी है और स्थिति यह हो गई है कि जनप्रतिनिधियों की भी नही सुनी जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक सवाल के जवाब में अपने चिरपरिचित अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि हमारे पास अभी हेलीकॉप्टर कहां है। हमारी सरकार नही है तो हमें अभी सड़क मार्ग का ही उपयोग करना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि अभी तो मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर का पूरा पूरा उपयोग कर रहे है। वे कार्यालय में तो कम बैठ रहे है और हैलीकॉप्टर में ज्यादा बैठ रहे है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को तथा सरकार को जन भावनायें सुननी ही चाहिए। सभी की बातों को सुनने से ही तो सरकार एवं मुख्यमंत्री को भी फायदा होगा। उन्होने फिर चुटकी लेते हुए कहा कि मीडिया में आये दिन चर्चाओं का दौर चलता रहता है कि मुख्यमंत्री बदला जायेगा। यह चर्चाएं विशेश लोग ही चलाते है लेकिन हम चाहते है कि मुख्यमंत्री सफल हो ताकि जनता परेशान ना हो।