महिला पतंजलि योग समिति ने फाग उत्सव और महिला दिवस मनाया, योग प्रदर्शन और होली के रंगों से सजी धूम

Friday, Mar 06, 2026-07:32 PM (IST)

सिरोही। महिला पतंजलि योग समिति ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से दो दिन पहले शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित योग उद्यान में फाग उत्सव और महिला दिवस का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीतों और रंगों के साथ होली का आनंद लिया और योग प्रदर्शन में भाग लिया।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सामाजिक-सांस्कृतिक योगदान, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर जोर देना था। समिति की जिला संयोजिका पवन आर्य ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं को समान अधिकारों, स्वस्थ जीवन और समाज में उनके अमूल्य योगदान के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने शिक्षित महिलाओं से आग्रह किया कि वे समाज की पिछड़ी महिलाओं को शिक्षित और सक्षम बनाने में सहयोग करें।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ योगिनी बहन सुमन शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। मुख्य अतिथि आयुर्वेदाचार्य डॉ. सुनंदा जैन ने महिलाओं को स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग अपनाने का संदेश दिया। राष्ट्र सेविका समिति की जिला कार्यवाहिका चित्रलेखा जोशी ने इस आयोजन को महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और सांस्कृतिक उत्सवों के सम्मान के लिए महत्वपूर्ण बताया।

 

कार्यक्रम में योगिनी बहनों ने चंद्र नमस्कार और सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन का प्रदर्शन किया। राधा-कृष्ण के रूप में सज-धजकर आई महिलाओं ने फूलों और गुलाल के साथ होली खेली। फाग गीतों पर नृत्य करते हुए सभी उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

इस अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। अतिथियों और समिति सदस्यों का स्वागत पतंजलि के दुपट्टों से किया गया।

 

आर्य ने बताया कि महिला पतंजलि योग समिति द्वारा हाउसिंग बोर्ड, राधिका, गायत्री शक्ति पीठ और आर्य समाज रोड के जीनगर न्याती नोहरे में प्रतिदिन निशुल्क योग कक्षाएं आयोजित की जाती हैं। यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य और समाज में सशक्त भूमिका को बढ़ावा देने का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News