पहले महिला फिर बुजुर्ग और बच्चे पर किया हमला; कुत्ते से लोगों में दहशत
Wednesday, Apr 22, 2026-05:27 PM (IST)
पाली: राजस्थान के पाली शहर में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर से बढ़ गया है। शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक कुत्ते ने तीन लोगों को घायल कर दिया, जिनमें एक बुजुर्ग महिला, एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक 13 वर्षीय बच्चा शामिल हैं। इन तीनों को इलाज के लिए बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हालांकि, घायल बुजुर्ग की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को 54 वर्षीय लीलादेवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी, तभी एक कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के चेहरे को नोंच लिया, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं। महिला ने खुद को बचाने के लिए झाड़ू से कुत्ते को मारा, लेकिन कुत्ता फिर से वापस आया और महिला पर दूसरा हमला किया, जिससे महिला के चेहरे और सिर पर चोटें आईं।
महिला की चीख पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़े, लेकिन कुत्ता मौके से भाग चुका था। महिला को अस्पताल ले जाया गया और इलाज के बाद उसे छुट्टी मिल गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते के हमले की पूरी घटना कैद हुई है।
इस घटना के कुछ देर बाद ही, कुत्ते ने एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला किया। बुजुर्ग पति-पत्नी जब पैदल जा रहे थे, तो कुत्ते ने बुजुर्ग के पैरों को काट लिया। इस हमले के बाद बुजुर्ग ने लाठी से कुत्ते को भगाया। हालांकि, बुजुर्ग की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस घटना का भी वीडियो सामने आया है।
इसके बाद, कुत्ते ने स्कूटी सवार 13 वर्षीय आदित्य कवाड़ का पीछा किया, जिससे उसकी स्कूटी का बैलेंस बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। कुत्ते ने उसके पैर पर काट लिया। परिजन ने उसे भी तुरंत अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया।
इसके अलावा, पाली शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित अम्बेडकर नगर में एक अन्य कुत्ते ने 10 वर्षीय वंश पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के पैर पर दो जगह काट लिया। वंश को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
शहर में लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। नागरिकों ने नगर परिषद से आवारा कुत्तों पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
