सीकर में पति की आत्महत्या मामले में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, अवैध संबंधों का आरोप

Wednesday, Jun 03, 2026-04:09 PM (IST)

सीकर: शहर के चेजारों के मोहल्ले में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पत्नी पूजा उर्फ मीनू और उसके कथित प्रेमी मनोज के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस ने पहले प्रेमी मनोज को गिरफ्तार किया था, जबकि अब पत्नी पूजा को भी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

कोतवाली थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ के अनुसार, यह मामला 11 मार्च को मृतक के पिता फूलचंद कुमावत द्वारा दर्ज करवाया गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि मृतक विकास की शादी वर्ष 2015 में पूजा से हुई थी। बाद में पूजा का संपर्क मनोज से हो गया, जो परिवार के परिचित होने के कारण घर आता-जाता था।

 

आरोप है कि मनोज ने पूजा को मोबाइल फोन उपलब्ध कराया और दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी। जब परिवार को इसकी जानकारी मिली तो मोबाइल तोड़ दिया गया, लेकिन संपर्क फिर भी जारी रहा। परिजनों का कहना है कि मनोज ने पूजा को शादी का झांसा देकर संबंध बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

 

रिपोर्ट के अनुसार, 6 मार्च को पूजा अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की बात कहकर पीहर चली गई। इसके बाद पति विकास मानसिक रूप से गहरे तनाव में आ गया। परिवार का कहना है कि घरेलू तनाव और रिश्तों में बढ़ते विवाद के कारण विकास की मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ती गई।

 

इसी मानसिक दबाव के चलते 10 मार्च को विकास ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि पत्नी और उसके प्रेमी के अवैध संबंधों ने ही इस घटना को जन्म दिया। वहीं, यह भी सामने आया कि 8 मार्च को मनोज ने विकास पर झूठा आरोप लगाकर उसे गिरफ्तार करवाया था, हालांकि बाद में मामला गलत पाया गया।

 

पुलिस ने जांच के आधार पर पहले मनोज को गिरफ्तार किया और अब पत्नी पूजा को भी हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की गहराई से पड़ताल कर रही है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News