मांगरोल नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निलंबन क्यों ?, जानिए, ये है वजह ।

Thursday, Oct 10, 2024-03:47 PM (IST)

 

  • मांगरोल पालिकाध्यक्ष, उपाध्यक्ष निलंबित 
  • सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला

 

बारां, 10 अक्टूबर, 2024। बारां जिले की मांगरोल नगर पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को निलंबित किया गया है। दोनों पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोप हैं। स्वायत्त शासन विभाग ने बुधवार को यह आदेश जारी किए हैं। दोनों पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोप हैं। मामले की जांच प्रभावित होने की संभावना के चलते दोनों को निलंबित किया है।

स्वायत्त शासन विभाग निदेशक कुमारपाल गौतम की ओर से जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका मांगरोल में सरकारी भूमि और चारागाह भूमि पर अतिक्रमण करने के मामले विभाग के सामने आए थे। इन मामलों की जांच बारां जिला कलेक्टर से करवाई गई तो जांच में पालिकाध्यक्ष कौशल किशोर सुमन की ओर से करीब 7272 वर्ग फीट भूमि पर और उपाध्यक्ष कौसर परवीन की ओर से करीब 147 वर्ग फीट भूमि पर अतिक्रमण किया जाना पाया गया। इस पर पालिकाध्यक्ष और उपाध्यक्ष को नोटिस जारी किए गए, लेकिन विभागीय स्पष्टीकरण के नोटिस पर दोनों के जबाव संतोषप्रद नहीं मिले।

आदेश में बताया गया है कि पालिकाध्यक्ष सुमन द्वारा चारागाह पर अतिक्रमण करने और उपाध्यक्ष की ओर से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण में संलिप्तता जाहिर होती है। ऐसे में पालिकाध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने पद का दुरुपयोग किया है। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से नगर पालिका अधिनियम में न्यायिक जांच करवाने का निर्णय लेते हुए यह प्रकरण न्यायिक जांच के लिए विधि विभाग को प्रेषित किए हैं।

ईओ नरेश राठौर ने बताया कि पालिकाध्यक्ष कौशल सुमन और उपाध्यक्ष कौसर परवीन को डीएलबी ने आदेश जारी कर निलंबित कर दिया है। इसके आदेश प्राप्त हो गए हैं।
 


Content Editor

Chandra Prakash

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News