10 मार्च से एमएसपी पर गेहूं खरीद शुरू, मंडियों में हैंडलिंग आढ़तियों के जिम्मे
Friday, Feb 27, 2026-04:59 PM (IST)
श्रीगंगानगर। 10 मार्च से राजस्थान के श्रीगंगानगर और राज्यभर की मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद शुरू होगी। इस बार खाद्य विभाग ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों की कुछ मंडियों में गेहूं की हैंडलिंग का कार्य व्यापारियों और आढ़तियों को सौंपने का निर्णय लिया है, जो पहले एफसीआई द्वारा किया जाता था। इस बदलाव से मंडियों में व्यवस्थाओं में बदलाव की आशंका जताई जा रही है।
जिले में इस सीजन में 6 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। सादुलशहर, जैतसर, श्रीबिजयनगर, अनूपगढ़ और सूरतगढ़ मंडियों में आढ़तियों के माध्यम से हैंडलिंग कार्य किया जाएगा, जबकि एफसीआई और आरएसएफसीएससी गेहूं की खरीद करेंगे।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को तौल, भुगतान, परिवहन, सुरक्षा और बारदाना की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खरीद के लिए 52 केंद्रों को तय किया गया है, जहां किसानों को एमएसपी पर गेहूं बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। खरीद 10 मार्च से 30 जून तक चलेगी।
