किशनगढ़ में संपर्क संस्थान का रजत जयंती समारोह, वासुदेव देवनानी ने ‘मैं से हम की ओर’ पुस्तक का किया विमोचन
Saturday, Aug 08, 2026-06:14 PM (IST)
जयपुर/किशनगढ़ । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को किशनगढ़ में संपर्क संस्थान के रजत जयंती समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने श्री कृष्ण राठी की पुस्तक ‘मैं से हम की ओर’ का विमोचन किया। कार्यक्रम में संस्थान की 25 वर्षों की यात्रा और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा हुई।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि किसी भी संस्थान की 25 वर्ष की यात्रा अपने आप में गौरवशाली और प्रेरणादायी अवसर होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर पर संस्थान को बीते वर्षों में किए गए कार्यों का मूल्यांकन करने के साथ ही भविष्य के लिए सशक्त योजनाएं तैयार करनी चाहिए।
देवनानी ने कहा कि जीवन के अनुभवों को शब्दों के माध्यम से समाज तक पहुंचाना सराहनीय कार्य है। अनुभवों पर आधारित ऐसी पुस्तकें न केवल समाज के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को भी आगे बढ़ने और सफलता की राह तलाशने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्ण राठी की नवीन कृति ‘मैं से हम की ओर’ का विमोचन किया और पुस्तक के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत अनुभवों को सामाजिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाली रचनाएं समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के दौरान संपर्क संस्थान की ओर से 25 वर्षों की यात्रा से जुड़े कार्यों और उपलब्धियों को भी साझा किया गया। समारोह में अखिल शुक्ला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
