UGC Regulation 2026 के विरोध में वाहन यात्रा धौलपुर पहुंची, 23 अगस्त को दिल्ली में महापंचायत

Tuesday, Aug 11, 2026-03:39 PM (IST)

धौलपुर। UGC Regulation-2026 की कथित विसंगतियों और ‘यूजीसी रोलबैंक’ के विरोध को लेकर चलाया जा रहा राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान अब धौलपुर पहुंच गया है। अभियान के तहत निकाली जा रही करीब 15 हजार किलोमीटर लंबी वाहन यात्रा मंगलवार को जिले के सैंपऊ क्षेत्र पहुंची। यहां अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने लोगों को इसके उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

आयोजकों के मुताबिक यह यात्रा 5 अगस्त से शुरू हुई है और राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी। अभियान का प्रमुख कार्यक्रम 23 अगस्त को नई दिल्ली में प्रस्तावित ‘यूजीसी रोलबैंक सवर्ण आक्रोश महापंचायत’ बताया गया है।

विद्यार्थियों और शिक्षाविदों तक पहुंचाने का दावा

करणी सेवा के अध्यक्ष राज सिंह शेखावत ने सैंपऊ में यात्रा के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के जरिए UGC Regulation-2026 से जुड़े मुद्दों और संगठन की मांगों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षाविदों और सामान्य वर्ग के नागरिकों से संवाद किया जा रहा है। अलग-अलग जिलों में पंचायत, सम्मेलन, जनसंवाद और प्रेस वार्ता के अलावा सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें आयोजित किए जाने की योजना है।

'शिक्षा में न्याय और समान अवसर' का संदेश

आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल वाहन यात्रा करना नहीं है, बल्कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना और लोगों को जागरूक करना है।

अभियान के दौरान 'जन-जन तक संवाद, शिक्षा में न्याय और समान अवसर' का संदेश लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई है। आयोजकों का कहना है कि विभिन्न स्थानों पर लोगों से चर्चा कर UGC Regulation-2026 को लेकर उनकी आपत्तियों और मांगों से भी अवगत कराया जा रहा है।

23 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित महापंचायत

आयोजकों के मुताबिक 23 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली प्रस्तावित महापंचायत में देश के अलग-अलग हिस्सों से सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों के साथ विद्यार्थी, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी शामिल होंगे।

आयोजकों का दावा है कि महापंचायत के माध्यम से UGC Regulation-2026 से संबंधित मुद्दों को सरकार और संबंधित प्राधिकरणों के समक्ष रखा जाएगा। इसके लिए जनसंवाद, जनजागरण और ज्ञापन जैसे लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों का इस्तेमाल करने की बात कही गई है।

कई राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा

अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों के अनुसार 15 हजार किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों और जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धौलपुर के सैंपऊ पहुंचने के बाद यात्रा अपने निर्धारित अगले पड़ाव की ओर रवाना होगी।

23 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित महापंचायत को इस राष्ट्रव्यापी अभियान के प्रमुख कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए