उदयपुर पुलिस का अवैध हथियारों और बदमाशों के खिलाफ महाअभियान: अंबामाता फायरिंग के चारों आरोपी 12 घंटे में दबोचे
Saturday, Sep 05, 2026-07:47 PM (IST)
जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा द्वारा राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए दिए गए निर्देशों की अनुपालना में उदयपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। जिले में भयमुक्त वातावरण स्थापित करने हेतु जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में एक तरफ जहां अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ सघन महाअभियान चलाया गया, वहीं दूसरी तरफ अंबामाता थाना क्षेत्र में हुई हवाई फायरिंग की वारदात पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने महज 12 घंटे से कम समय में सभी चार आरोपियों को दबोच लिया।
अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का महाअभियान
जिले में आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, मुकुल शर्मा और रजत बिश्नोई के सुपरविजन में जिले भर की पुलिस टीमों ने अपराधियों के खिलाफ एक साथ बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 3/25 आर्म्स एक्ट (फायरिंग एवं अवैध हथियार) के 42 आरोपियों, 221 हिस्ट्रीशीटरों और 07 अन्य सक्रिय बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस ने आदतन बदमाशों को धारा 129 BNS के तहत पाबंद किया तथा थाना कुराबड़ पर 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत 01 नया प्रकरण भी दर्ज किया गया।
अंबामाता फायरिंग मामले में 12 घंटे के भीतर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
4 सितंबर की रात करीब 01:17 बजे मल्लातलाई की गरीब नवाज कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने मोहम्मद आरिफ और अरबाज खान के मकानों के बाहर बीयर की बोतलें फोड़ीं और अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. अमृता दुहन के आदेश पर रेंज में 'ए-कैटेगरी' की नाकाबंदी कराई गई।
अंबामाता थानाधिकारी हुकम सिंह और डीएसटी प्रभारी भारत योगी के नेतृत्व में टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से एक आरोपी को डबोक तथा तीन आरोपियों को भीलवाड़ा के छपरी गांव से घेराबंदी कर डिटेन किया। पुलिस दबिश के दौरान आरोपियों के खौफ का यह आलम था कि वे रोने-गिड़गिड़ाने लगे। एक नाबालिग आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जींस-टीशर्ट के ऊपर जनाना कपड़े पहन रखे थे।
भागने के प्रयास में टूटे पैर भीलवाड़ा से उदयपुर लाते समय चिरवा टनल के पास बदमाशों ने लघुशंका के बहाने भागने का प्रयास किया, लेकिन गड्ढे में गिरने के कारण तीन आरोपियों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। इस दौरान बदमाशों को पकड़ते समय पुलिस कांस्टेबल फिरोज खान की नाक पर भी फ्रैक्चर हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस्माइल उर्फ मनू उर्फ बड़ा मेवाती (27), समीर मेवाती उर्फ बिट्टू (23) निवासी धोली मगरी, अंबामाता और ताज मोहम्मद उर्फ शेरा (21) निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, अंबामाता के रूप में की गई। मामले में एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया।
वारदात का मुख्य कारण
पूछताछ में सामने आया कि करीब 3 महीने पहले अरबाज खान एक पिस्तौल लेकर मुख्य आरोपी बड़ा मेवाती को धमकाने गया था, जिसे पुलिस ने तब गिरफ्तार कर लिया था। इसी का बदला लेने के लिए बड़ा मेवाती ने अरबाज और उसके भारी-भरकम बॉडीगार्ड/मित्र मोहम्मद आरिफ को डराने की नीयत से यह फायरिंग करवाई थी।
