भटनेर के झरोखे से - नयों के साथ पुरानों को बदलने के फार्मूले की कोशिश !
Sunday, Jul 13, 2025-12:31 PM (IST)

हनुमानगढ़,13 जुलाई 2025 ।(बालकृष्ण थरेजा): प्रदेश में विपक्ष वाली पार्टी में इन दिनों संगठन को मजबूत करने का काम चल रहा है। खाली पड़े पदों को भरा जा रहा है। संगठन के लिहाज से नए बनाए गए जिलों में जिला प्रधान बनाए जाने हैं। इसकी मंजूरी भी दिल्ली से मिल गई है। पिछले दिनों पार्टी के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश प्रधान ने नए बने जिलों में प्रधानों के नाम पर मंथन किया। चर्चा है की नयों के साथ कुछ पुराने जिलों में भी प्रधान बदले जा सकते हैं। इसके लिए फार्मूला निकालने की कोशिश की जा रही है। खासकर संगठन में प्रभावी रूप से काम नहीं करने वाले जिला प्रधानों को बदला जाना है। इसके लिए दिल्ली ने मंजूरी दे दी है। नयों के साथ पुरानों को बदलने से संगठन में बदलाव आएगा। इसको लेकर हलचल है। हो सकता है अगले हफ्ते प्रदेश प्रधान नए जिला प्रधानों की लिस्ट दिल्ली को सौंप दें।
युवा और महिला मोर्चों में बदलाव की तैयारी !
सत्ता वाली पार्टी ने भटनेर जिले की जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। कार्यकारिणी पार्टी के नियमानुसार छोटी है और इसमें पद पाने के लिए खूब जद्दोजहद रहती है। संगठन में सभी विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ चुके नेताओं द्वारा सुझाए गए नामों को तरजीह दी गई है। जिला प्रधान भी अपनी पसंद के कुछ नामों को लिस्ट में शामिल करवाने में कामयाब हो गए हैं। जिला प्रधान ने अपने खासमखास लोगों को कार्यकारिणी में लेकर संगठन चलाने का जुगाड़ बैठा लिया है। इसी बीच युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के प्रधानों को कार्यकारिणी में लेकर यह संकेत दे दिया गया है कि पार्टी दोनों अग्रिम मोर्चों में आने वाले दिनों में बदलाव कर सकती है। महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के जिला प्रधानों को नई टीम में शामिल कर लिया गया है। इससे साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में इन दोनों मोर्चों में नए जिला प्रधान बनाए जाने हैं। अब जिला प्रधान पार्टी के प्रदेश नेतृत्व की पसंद से बनेंगे या जिले के नेताओं में से किसी की सिफारिश चलेगी यह वक्त बताएगा। वैसे इन पदों के दावेदारों ने अपनी लॉबिंग और भागदौड़ शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव में पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ चुकी एक नेता भी पार्टी में वापिस शामिल होकर महिला मोर्चा की जिला प्रधानी के लिए पूरी कोशिश कर रही है। इसी तरह अब युवा मोर्चा के जिला प्रधान पर किस नेता की सिफारिश पर मुहर लगेगी,यह काफी रोचक रहेगा।
नई टीम में अभी लगेगा वक्त !
सत्ता वाली पार्टी के प्रदेश संगठन की टीम घोषणा का इंतजार और बढ़ने वाला है। इसके पीछे की वजह पार्टी के सबसे बड़े नेता यानि पार्टी के चीफ के चुनाव की प्रक्रिया है। इसी महीने पार्टी के राष्ट्रीय चीफ का ऐलान होना है। दिल्ली में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने वाली है और कुछ दिनों बाद नए नाम का ऐलान हो जाएगा। अभी यह देश के मुखिया और पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले नेता के बीच चर्चा के दौर में है। यही वजह है कि पार्टी में प्रदेश संगठन की टीम का ऐलान नहीं हो पा रहा है। अब उम्मीद है कि पार्टी चीफ के चुनाव के बाद नई टीम का ऐलान होगा। नई टीम में जगह पाने के इच्छुक नेता अपने संपर्क बढाने में लगे हुए हैं। वैसे प्रदेश प्रधान थोड़ा रिजर्व नेचर के हैं इसलिए पद पाने के इच्छुक नेताओं को उनके इशारे का पता भी नहीं चल पाता। सब कुछ ठीक रहा तो इस महीने के आखिर में या अगले महीने की शुरुआत में नई टीम का ऐलान हो जाएगा।