प्रतापगढ़ के आदिवासी क्षेत्र को बड़ी सौगात: 36.6 किमी सड़क होगी 8 मीटर चौड़ी

Sunday, Mar 01, 2026-04:57 PM (IST)

प्रतापगढ़। राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। जिले में करजू मोड़ से धोलापानी थाने तक 36.6 किलोमीटर लंबी सड़क को जिला सड़क में क्रमोन्नत कर 8 मीटर चौड़ी बनाने की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

 

छोटीसादड़ी और बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीण लंबे समय से इस सड़क के उन्नयन और चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। वर्तमान में यह सड़क जर्जर और टूटी हुई स्थिति में है, जिससे आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क के चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और रोडवेज बस संचालन की भी संभावना बढ़ जाएगी, जिससे आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

 

प्रस्तावित मार्ग करजू मोड़ से वाया साटोला, उण्डावेला, पीलीखेड़ा, कालाकोट चौराहा, भाटखेड़ी होते हुए धोलापानी थाने तक जाएगा। इस मार्ग से चार दर्जन से अधिक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क के 8 मीटर चौड़ी बनने से क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के रास्ते खुलेंगे और आदिवासी क्षेत्र में यातायात का नया अध्याय शुरू होगा। बड़ीसादड़ी से प्रतापगढ़ और प्रतापगढ़ से उदयपुर तक सीधा संपर्क मजबूत होगा। इसके अलावा डूंगला, मंगलवाड़ सहित अन्य मार्गों से भी कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने बताया कि यह लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी। इसे क्षेत्रीय विधायक श्री चंद्र कृपलानी ने विधानसभा में उठाया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रस्ताव को अनुमोदित किए जाने के बाद सड़क को जिला सड़क मार्ग में क्रमोन्नत किया गया।

 

क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सड़क के तैयार होने के बाद न केवल रोजमर्रा की यात्रा आसान होगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यवसायिक गतिविधियों में भी सुधार आएगा।

 

यह परियोजना आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में समग्र विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ग्रामीणों का मानना है कि यह सड़क उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद करेगी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News