ग्रीष्म कालीन एवं प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश में कटौती वापस ले सरकार- जगेश्वर शर्मा

Friday, Apr 24, 2026-07:46 PM (IST)

अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के संबद्ध शिक्षक संगठनों ने ज्ञापन देकर शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग 2026-27 में ग्रीष्म कालीन अवकाश व प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश में कटौती को शिक्षक और शिक्षार्थियों के साथ अन्याय बताते हुए कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री एवं राजस्थान शिक्षक संघ (लोकतांत्रिक) के संस्थापक जगेश्वर शर्मा और महासंघ प्रदेश संयुक्त मंत्री एवं राजस्थान समग्र शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री हरिश्चन्द्र प्रजापति के नेतृत्व में उक्त आदेश का विरोध करते हुए शिक्षा मंत्री व शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपा है। इसमें स्पष्ट किया कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षक व शिक्षार्थियों को 20 से 30 जून तक भीषण गर्मी में विद्यालय आना बहुत पीड़ादायक है।

महासंघ महामंत्री जगेश्वर शर्मा ने बताया कि प्रदेश की भौगोलिक स्थिति एवं जून की भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षक व शिक्षार्थियों को विद्यालय बुलाया जाना किसी भी तरह से उचित नहीं है। शिक्षा विभाग के गठन के बाद से आज तक कुछ अपवादों को छोड़कर ग्रीष्म अवकाश 16 मई से 30 जून तक ही किए जाते रहे हैं। क्या वर्तमान सरकार भी कांग्रेस सरकार के नक्शे कदम पर चलकर निर्णय करना चाहती है। 

महासंघ एकीकृत ने सरकार से मांग की है कि उक्त आदेशों को वापस करते हुए प्रदेश में समस्त विद्यालयों के लिए 17 में से 30 जून 2026 तक पूर्णतया ग्रीष्म अवकाश एवं सत्र में संस्था प्रधान अधिकृत 2 अवकाश पूर्ववत ही रखे जावे जिसके संदर्भ में शिक्षा विभाग अवलंब संशोधित आदेश जारी करें। यदि शिविरा पंचांग में संशोधन कर संशोधित आदेश जारी नहीं किए गए तो शिक्षकों के समर्थन में कर्मचारी महासंघ भी आन्दोलन में शामिल हो विरोध करेगा। समग्र शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री व कर्मचारी महासंघ के प्रदेश संयुक्त मंत्री हरिश्चन्द्र प्रजापति एवं राजस्थान शिक्षक संघ (लोकतांत्रिक) के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश भारद्वाज ने कहा कि जब सभी कर्मचारियों को दो ऐच्छिक अवकाश दिये जाते हैं तो शिक्षकों के लिए एक अधिकृत अवकाश की कटौती न्यायोचित नहीं है।

प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश मंत्री योगेश भारद्वाज व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा सहित पवन कुमार शामिल रहे।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News