एनएच-52 पर नाकाबंदी के दौरान हरी खेजड़ी की अवैध लकड़ी पकड़ी, हिरासत में चालक

Monday, Feb 16, 2026-06:50 PM (IST)

चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से हरी खेजड़ी की लकड़ी ले जा रहे एक वाहन को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। मिनी ट्रक में ताजा कटी हुई खेजड़ी की गीली लकड़ियां भरी हुई थीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थानाधिकारी सतपाल विश्नोई के नेतृत्व में यह कार्रवाई अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम ने एनएच-52 पर हड़ियाल पुलिया के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की। इसी दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में हरी खेजड़ी की लकड़ी पाई गई।

वाहन चालक की पहचान सिलावाली सिवानी (हरियाणा) निवासी 27 वर्षीय गोरधन धाणक के रूप में हुई है। पुलिस ने लकड़ियों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय वन अधिकारी, तारानगर को सूचना दे दी है, ताकि वन अधिनियम के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

इस कार्रवाई में एएसआई रोहताश, एएसआई हरिदान, कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल रणवीर और चालक बलजिंदर कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News