टोंक MLA सचिन पायलट को सीएम बनाने की मनोकामना, संत तीसरी बार निकले कनक दंडवत यात्रा पर
Friday, Mar 13, 2026-03:53 PM (IST)
टोंक। करौली के संत स्वामी राजगिरी महाराज की अनोखी आस्था इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। कांग्रेस नेता और टोंक विधायक सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मनोकामना के साथ संत तीसरी बार कनक दंडवत यात्रा पर निकले हैं। 17 फरवरी 2026 को करौली से शुरू हुई यह कठिन यात्रा द्वारकापुरी तक जाएगी।
संत रोजाना करीब 10 घंटे से अधिक समय तक दंडवत करते हुए आगे बढ़ते हैं। अब तक वे लगभग 175 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुके हैं, जबकि 500 किलोमीटर से ज्यादा सफर अभी बाकी है। पायलट के विधानसभा क्षेत्र मोटूका गांव पहुंचने पर समर्थकों ने उनका स्वागत कर भोजन कराया।
स्वामी राजगिरी का कहना है कि जनता का राजा वही होना चाहिए जो गरीब का दर्द समझे और सभी वर्गों को साथ लेकर चले। बीएससी तक पढ़े राजगिरी महाराज टीवी सीरियलों में भी काम कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वे चार धाम की दंडवत यात्रा पर निकले हैं, जिनमें से दो धाम की यात्रा पूरी हो चुकी है और तीसरी यात्रा जारी है। संत ने उम्मीद जताई कि 2028 के चुनाव में सचिन पायलट राजस्थान के मुख्यमंत्री बनेंगे।
