वसुंधरा राजे के जन्मदिन पर धौलपुर में सुंदरकांड पाठ और हवन, दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना
Sunday, Mar 08, 2026-04:24 PM (IST)
धौलपुर। शहर के श्री रामचंद्र जी छावनी स्थित हनुमान जी मंदिर पर रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे के जन्मदिन के उपलक्ष्य में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच सुंदरकांड पाठ और हवन किया गया तथा उनकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हवन में आहुति देकर वसुंधरा राजे की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान ठेकेदार मुरारी सिंगल और उनकी धर्मपत्नी रहीं। वहीं योगेश कुमार शास्त्री के सानिध्य में सुंदरकांड पाठ का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री जगमोहन सिंह बघेल, पूर्व जिला अध्यक्ष बहादुर सिंह त्यागी, पूर्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष बॉबी परमार, उपसभापति निशांत चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष शर्मा, बॉबी और अकील अहमद सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
