छात्रों की गूंज अभियान में कूदे विनोद जाखड़, NSUI की ओर से ऐसे संभाला मोर्चा

Sunday, Jun 28, 2026-02:18 PM (IST)

जयपुर। इस समय कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी द्वारा पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अव्यवस्थित शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर देशव्यापी छात्र-युवा अभियान छात्रों की गूंज अभियान चलाया जा रहा है। अपने इस अभियान के तहत राहुल गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है जिसके चलते वो जगह जगह युवाओं और छात्रों सें संपर्क भी कर रहे हैं। इसी मामले को लेकर अब राजस्थान में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी मोर्चा खोल दिया है और लगातार युवाओं और छात्रों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान निकालने के लिए छात्रों की गूंज अभियान को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं।

 

छात्रों की गूंज अभियान को लेकर विनोद जाखड़ अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार सक्रिय हैं और कुछ न कुछ पोस्ट कर रहे हैं। इसी के तहत हाल ही में उन्होंने राजस्थान विश्व विद्यालय परिसर के गर्ल्स व बॉयज हॉस्टलो में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया और उनकी समस्याएं जानी। इसको लेकर उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि यह अभियान देश भर के छात्रों की आवाज़ को एक मंच देने तथा शिक्षा व्यवस्था में निष्पक्षता और व्यापक सुधार की माँग को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने लिखा कि देश के छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए यह अभियान एक मजबूत आवाज बनेगा। छात्रों के साथ हो रहे अन्याय, परीक्षा प्रणाली की विफलताओं और शिक्षा व्यवस्था पर लगातार हो रहे हमलों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी और NSUI की लड़ाई जारी रहेगी।

 

आपको बता दें कि इसी अभियान के तहत इससे पहले विनोद जाखड़ राजस्थान किसान बालिका छात्रावास, जयपुर में छात्रों की गूंज प्रेस वार्ता एवं संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर छात्रों और युवाओं से चर्चा की। इसको लेकर उन्होंने लिखा कि मोदी सरकार के फ्रॉड सिस्टम ने लाखों छात्रों की मेहनत, उम्मीद और भविष्य को तोड़ा है। NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं ने न केवल प्रतिभाशाली छात्रों का भविष्य प्रभावित किया, बल्कि कई परिवारों से उनके बच्चों को छिना है। हम हर उस युवा के साथ मजबूती से खड़े हैं जिसकी मेहनत को पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अव्यवस्थित शिक्षा व्यवस्था ने नुकसान पहुँचाया है।

 

जाखड़ ने यह भी लिखा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के रोजगार जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए छात्रों की आवाज़ को मजबूती देने का संकल्प लिया। कांग्रेस पार्टी और NSUI छात्रों के भविष्य, उनके अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से करती रहेगी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News