पेपर लीक माफिया पर SOG का शिकंजा, चूरू दौरे पर ADGP विशाल बंसल बोले- जल्द गिरफ्त में होगा वांटेड मास्टरमाइंड

Thursday, Jun 04, 2026-07:12 PM (IST)

राजस्थान में पेपर लीक मामलों की जांच कर रही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में SOG के एडीजीपी विशाल बंसल ने चूरू जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पेपर लीक मामलों की समीक्षा की।

चूरू पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर एडीजीपी बंसल का औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध की स्थिति, पुलिसिंग व्यवस्था और विभिन्न मामलों की प्रगति पर चर्चा की।

एडीजीपी ने बताया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए SOG द्वारा नए तंत्र और निगरानी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाना है।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करना, कमियों को दूर करना और बेहतर व्यवस्थाओं को राज्य स्तर पर लागू करना है। साथ ही गैंगस्टर नेटवर्क और संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ भी आगामी समय में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

साइबर अपराध नियंत्रण और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चूरू पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की सराहना करते हुए बंसल ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग से आमजन का विश्वास मजबूत होता है।

इस दौरान उन्होंने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 और जेईएन भर्ती परीक्षा-2021 से जुड़े पेपर लीक मामलों का भी उल्लेख किया। एडीजीपी ने बताया कि इन मामलों में वांछित आरोपी यूनिक उर्फ पंकज भांभू जांच एजेंसियों की निगरानी में है। उन्होंने कहा कि आरोपी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

बंसल ने भरोसा जताया कि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News