कोटा में स्लीपर बस डिवाइडर फांदकर पलटी, 3 की मौत, 23 घायल; गैलरी में भी सवारियां भरी थीं
Thursday, Apr 16, 2026-05:34 PM (IST)
कोटा: राजस्थान के कोटा जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शहर के आरके पुरम थाना क्षेत्र के हैंगिंग ब्रिज के पास नया गांव के नजदीक हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर उछलते हुए सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और उसमें सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
यह बस गुजरात के अहमदाबाद से मध्य प्रदेश के भिंड और मुरैना की ओर जा रही थी। चश्मदीदों के अनुसार, बस की गति बहुत तेज थी और यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस जैसे ही डिवाइडर से टकराई, अचानक हुई इस घटना ने सो रहे यात्रियों को चौंका दिया और कुछ ही क्षणों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस और नगर निगम का रेस्क्यू दल तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।
कोटा शहर की एसपी तेजस्विनी गौतम ने खुद घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने रेस्क्यू टीम द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी और बताया कि घायल यात्रियों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। बाकी 23 घायलों का इलाज जारी है, और राहत की बात यह है कि सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
हादसे में घायल हुए यात्री सोमवीर सिंह सिकरवार ने बताया कि बस में 60 से ज्यादा लोग सवार थे, और स्लीपर कोच होने के बावजूद करीब 10 लोग गैलरी में खड़े थे। इस भीड़ और तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ, जिसमें किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे ने स्लीपर बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और तेज रफ्तार की समस्याओं को फिर से उजागर किया है।
