शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा का बड़ा बयान: दूसरे को नीचा दिखाकर नहीं बढ़ती राजनीतिक प्रतिष्ठा, कार्यकर्ता ही पार्टी की असली पूंजी

Tuesday, Aug 04, 2026-03:51 PM (IST)

भीलवाड़ा। जिले के शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शाहपुरा आगमन कार्यक्रम एवं कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान स्थानीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता, विकास कार्यों और राजनीतिक ईमानदारी पर खुलकर अपने विचार व्यक्त किए। सम्मेलन के दौरान विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने विरोधियों और पार्टी में गुटबाजी करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि “राजनीतिक प्रतिष्ठा किसी दूसरे को नीचा दिखाकर या बुराई करके नहीं बनाई जा सकती, प्रतिष्ठा जनता और सच्चे कार्यकर्ताओं के सम्मान से बढ़ती है।” 

'3 साल में 500 से अधिक ट्रांसफर किए, एक पैसे का भ्रष्टाचार नहीं'
अपने संबोधन में विधायक ने ईमानदारी से काम करने का दावा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में बिना किसी द्वेष भावना के हर कार्यकर्ता का सम्मान किया है। "मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि पिछले 3 वर्षों के दौरान मैंने कार्यकर्ताओं के कहने पर 500 से अधिक ट्रांसफर और कार्य करवाए हैं। कोई भी कार्यकर्ता यह साबित नहीं कर सकता कि किसी काम के बदले मैंने चाय तक पी हो। इसके बावजूद कुछ लोग बाहर जाकर भ्रष्टाचार और कार्यकर्ताओं की सुनवाई न होने की झूठी बातें फैलाते हैं, जो केवल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए किया जा रहा है।"

मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार का जताया आभार
शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए डॉ. बैरवा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बजट आवंटित किया है, जिससे हर पंचायत स्तर पर विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विजन 2047' और विकसित भारत के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि देश और प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

सच्चे कार्यकर्ताओं की बदौलत मिली ऐतिहासिक जीत
विधायक ने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वे निष्ठावान कार्यकर्ता, जो बिना किसी व्यक्तिगत अपेक्षा के पार्टी की मूल विचारधारा से जुड़े हैं, वही पार्टी की असली पूंजी हैं। उन्हीं समर्पित कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत का परिणाम है कि शाहपुरा में 60 हजार से अधिक वोटों के भारी अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज हुई। संबोधन के अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर शाहपुरा क्षेत्र के विकास और संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए