धौलपुर के बसेड़ी में सातवां सामूहिक विवाह महोत्सव सम्पन्न, 17 जोड़ों ने लिए सात फेरे
Friday, Feb 20, 2026-05:26 PM (IST)
धौलपुर | बसेड़ी में खटीक समाज का सातवां सामूहिक विवाह महोत्सव सम्पन्न, 17 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे बसेड़ी कस्बे के एक निजी मैरिज होम में खटीक समाज एकता सेवा समिति, अछनेरा (आगरा) के तत्वावधान में सातवां सामूहिक विवाह महोत्सव एवं तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम मंगलनाथ महाराज आश्रम के सानिध्य में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि करौली-धौलपुर के पूर्व सांसद डॉ. मनोज राजोरिया रहे। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर, मामराज बड़गूजर, शिवचरन बड़गूजर, मो. इस्लाम एवं शिवानी दायमा शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य बारात के साथ हुई, जो बैंड-बाजों के साथ मुख्य बाजार, हवेली थोक, पीएनबी बैंक, पीपल मंडी, भारद्वाज मार्केट और बयाना मोड़ होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। पूरे मार्ग में समाज के लोगों ने बारात का स्वागत किया और हर्षोल्लास का माहौल रहा। समारोह में कुल 17 जोड़ों का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया गया। पंडितों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक संस्कार सम्पन्न कराए गए। उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित दंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया तथा समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में अथिति, भामाशाह एवं प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया, जिससे समारोह को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया।
