मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा: मानव कल्याण को समर्पित परिवार का महान निर्णय

Monday, May 11, 2026-05:49 PM (IST)

जयपुर। मानव सेवा, सामाजिक जागरूकता की अनुपम भावना का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जयपुर निवासी स्वर्गीय सूरज देवी जैन धर्मपत्नी स्वर्गीय इंद्र कुमार जैन गोधा (82 वर्ष) के निधन उपरांत उनके परिजनों द्वारा त्वचादान एवं देहदान का महान निर्णय लिया गया। सूरज देवी जैन का निधन रविवार 10 मई को हुआ। उनके परिवारजनों ने मानव कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा के उद्देश्य से त्वचादान एस.एम.एस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के स्किन बैंक तथा देहदान जेएनयू मेडिकल यूनिवर्सिटी के एनाटॉमी विभाग में संपन्न कराया।

 

जैन सोशल ग्रुप, सेंट्रल के सौजन्य से यह 67वां त्वचादान एवं 340वां देहदान रहा। इस अवसर पर स्मृति स्वरूप वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं जीवन मूल्यों का सुंदर संदेश समाज तक पहुँचा। इस अवसर पर जैन सोशल ग्रुप सेंट्रल के संस्थापक अध्यक्ष कमल संचेती सहित कई समाजसेवियों ने गोधा परिवार के इस मानवीय निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे प्रेरक कार्य समाज में अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

परिवार की ओर से उनके पुत्र संजय जैन गोधा, मंत्री प्रबंध समिति श्री दिगम्बर जैन मंदिर पार्श्वनाथ जी सोनियान, पुत्रवधु निशा जैन गोधा, अध्यक्ष महिला मंडल, पुत्री अर्चना जैन, दामाद महेश जैन, पौत्र विशाल एवं सागर सहित समस्त गोधा परिवार ने अत्यंत संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। समधी आनन्द जैन ने कहा कि शोक की घड़ी में भी परिवार द्वारा लिया गया यह निर्णय सेवा, संस्कार एवं मानवता की उत्कृष्ट मिसाल है।

 

कार्यक्रम में जेएनयू मेडिकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर श्री संदीप बक्शी, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अंजली एवं समस्त स्टाफ का सहयोग उल्लेखनीय रहा। समाजजनों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार की इस प्रेरणादायी पहल को मानवता की सच्ची सेवा बताया।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News