सुनेल में SDO का औचक निरीक्षण: कई दफ्तरों में कर्मचारी नदारद, जारी हुए कारण बताओ नोटिस
Tuesday, Feb 17, 2026-08:44 PM (IST)
झालावाड़ | सुनेल में मंगलवार को प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली, जब उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार मीणा ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति सुनेल, तहसील कार्यालय सुनेल, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजकीय इब्राहीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अधिकारी सहित कार्मिक गैरहाजिर मिले। तहसील कार्यालय में भी कई कर्मचारी अपनी सीटों से नदारद पाए गए। सबसे अधिक लापरवाही सीडीपीओ कार्यालय में सामने आई, जहां चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को छोड़कर अन्य सभी कार्मिक अनुपस्थित मिले। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एवं संबंधित कार्मिकों ने स्वयं को फील्ड में कार्यरत बताया। इस पर उपखंड अधिकारी ने संबंधित कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनहीनता तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन में गंभीर लापरवाही मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थिति और आमजन को सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने तहसील कार्यालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के प्री-काउंसलिंग शिविर में भी भाग लिया और प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि आमजन को न्यायिक राहत समय पर मिल सके। वहीं राजकीय इब्राहीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर चिकित्सा विभाग की सराहना की गई।
प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति रही और कर्मचारियों में अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।
