बूंदी में मॉडल स्कूल का मामला गरमाया: हरिमोहन शर्मा ने मंत्री के बयान पर जताई आपत्ति, छात्रा के लिए मांगी आर्थिक सहायता
Monday, Feb 16, 2026-08:06 PM (IST)
बूंदी। बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने विधानसभा में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल बरूधन में हुई घटना को लेकर स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि इस प्रकार की घटनाएं केवल बूंदी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कोटा संभाग में 480 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जिनका शीघ्र समाधान आवश्यक है।
विधायक शर्मा ने 9 वर्षीय छात्रा तृप्ति सेन के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से संवेदनशीलता और सहयोग मिलना चाहिए।
मंत्री के बयान पर जताई आपत्ति
शर्मा ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बूंदी दौरे के दौरान दिए गए बयान — “डॉग्स तो किसी को भी काट सकते हैं” — पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मंत्री को ऐसी टिप्पणी करने के बजाय घायल छात्रा और उसके परिवार से मिलकर कुशलक्षेम पूछनी चाहिए थी तथा सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए थी। उन्होंने मांग की कि सरकार इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट कार्य योजना बनाए और स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करे।
बजट और विकास कार्यों पर सवाल
विधायक शर्मा ने मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि बूंदी के लिए घोषित 100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य वास्तव में हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HUDCO) के लोन प्लान के तहत पूर्व निर्धारित कार्य सूची का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लिए लिया जाने वाला कर्ज अंततः जनता को चुकाना होगा। साथ ही बूंदी की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय की स्थापना को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। न तो यूआईटी की स्थापना हुई है और न ही केडीए से बूंदी को मुक्त किया गया है। विधायक ने सरकार से स्पष्ट नीति, पारदर्शिता और पीड़ित परिवार को त्वरित सहायता देने की मांग दोहराई।
