गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा, लग्जरी बस ट्रक से टकराई; राजस्थान के डूंगरपुर-बांसवाड़ा के 5 लोगों की मौत
Wednesday, Jun 17, 2026-04:14 PM (IST)
डूंगरपुर। गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वडोदरा-हालोल रोड पर कोटंबी गांव के पास एक लग्जरी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिसमें अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें से 5 मृतक राजस्थान के डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, यह बस बांसवाड़ा, परतापुर और सागवाड़ा क्षेत्र से सूरत की ओर जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकतर राजस्थान के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के निवासी थे। जैसे ही बस कोटंबी गांव के पास पहुंची, वह सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से तेज रफ्तार में जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। प्रारंभिक जानकारी में 5 लोगों की मौत हुई थी, लेकिन बाद में इलाज के दौरान 2 और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई। 25 से अधिक यात्री घायल हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज वडोदरा के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
मृतकों की पहचान पिंकी भाटिया (सागवाड़ा), महेंद्र कुमार भोगीलाल पंड्या (घम्बोला), विनोद नरेश डामोर (सागवाड़ा), मुकेश जीवाजी डिंडोर (गलियापुर) और प्रीत हितेश भाटिया (सागवाड़ा) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए गुजरात प्रशासन के संपर्क में है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि बस चालक की लापरवाही, नींद की झपकी या तेज रफ्तार इस दुर्घटना की वजह बनी। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की बस यात्रा में सावधानी की जरूरत को उजागर करता है।
