रतनगढ़ में हत्या के गवाह को धमकाने का आरोपी गिरफ्तार, प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ

Wednesday, Aug 12, 2026-05:37 PM (IST)

चूरू। रतनगढ़ पुलिस ने हत्या के मामले में गवाह को धमकाने, घर के बाहर तोड़फोड़ करने और वाहन में आग लगाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर अब पूरे मामले को लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले से ही अवैध हथियार रखने के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में था।

2023 के हत्या मामले में गवाह है पीड़ित

पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 3 निवासी राजकुमार जाट ने 31 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि वह वर्ष 2023 में हुई दिलसुख जाट हत्याकांड का गवाह है।

राजकुमार का आरोप है कि गवाही नहीं बदलने को लेकर उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं। शिकायत के मुताबिक 19 जुलाई की रात कुछ लोग हथियारों के साथ उसके परिजनों के घर के बाहर पहुंचे और धमकाया।

बोलेरो कैंपर में लगाई आग

शिकायत के अनुसार 30 जुलाई की देर रात सुजानगढ़ रोड स्थित न्यू फौजी होटल के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीम ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने जांच के दौरान करतार सिंह निवासी जांदवा को अवैध हथियार के मामले में पहले गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।

अब हत्या के गवाह को धमकाने और वाहन जलाने के मामले में आगे की जांच के लिए पुलिस ने करतार सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से घटना में उसकी कथित भूमिका और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए