राष्ट्रीय आम जन मोर्चा (RAM) का गठन, स्वर्ण समाज के मुद्दों को लेकर NOTA को विकल्प बनाने का ऐलान

Tuesday, Aug 25, 2026-07:28 PM (IST)

जयपुर। सरकार की नीतियों और लंबित मांगों के विरोध में स्वर्ण समाज से जुड़े विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय आम जन मोर्चा (RAM) के गठन की घोषणा की है। जयपुर के कलेक्ट्रेट सर्कल स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में करीब 16 से 17 संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न सामाजिक और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कौशिक ने की। इस दौरान संगठनों ने UGC Rollback, आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था, EWS सरलीकरण, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा और 'एक देश-एक कानून' जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

चुनाव में समर्थन या NOTA का विकल्प

राष्ट्रीय आम जन मोर्चा (RAM) की बैठक में आगामी चुनावों को लेकर भी रणनीति पर चर्चा हुई। मोर्चे से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि जो राजनीतिक दल इन प्रमुख मुद्दों का समर्थन करेगा, स्वर्ण समाज उसके साथ जाने पर विचार करेगा। वहीं, जो दल इन मुद्दों का समर्थन नहीं करेंगे, उनके विरोध में NOTA (None of the Above) को विकल्प के रूप में प्रचारित किया जाएगा।

मोर्चे की ओर से कहा गया कि जनता को NOTA के विकल्प के बारे में जागरूक करने के लिए जनसंवाद और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

UGC Rollback सहित कई मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान

बैठक को संबोधित करते हुए हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कौशिक ने कहा कि जब तक UGC Rollback, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा, 'एक देश-एक कानून', EWS सरलीकरण और आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था जैसी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

करणी सेवक राम सिंह शेखावत ने कहा कि राष्ट्रीय आम जन मोर्चा (RAM) विभिन्न राजनीतिक दलों से नाराजगी रखने वाले लोगों के लिए लोकतांत्रिक विकल्प के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा प्रमुख मुद्दों को लेकर जनसंवाद और जागरूकता अभियान चलाएगा तथा जनता को NOTA के विकल्प की जानकारी भी दी जाएगी।

स्थानीय निकाय चुनावों में मुद्दों को केंद्र में लाने की तैयारी

ग्लोबल यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी ने कहा कि सरकार और विपक्ष के खिलाफ जनता में असंतोष है और इन मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ उठाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि आगामी राजस्थान नगर निगम, नगर पालिका और पंचायती राज चुनावों में स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ नीतिगत मुद्दों को भी चुनावी चर्चा के केंद्र में लाने का प्रयास किया जाएगा।

18 अक्टूबर को जयपुर में बड़ी रैली का ऐलान

करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय आम जन मोर्चा के फैसलों का समर्थन करते हुए कहा कि आगामी 18 अक्टूबर को जयपुर के विद्याधर नगर स्थित स्टेडियम में बड़ी रैली और सभा आयोजित कर स्वर्ण समाज की एकता का प्रदर्शन किया जाएगा।

युवा प्रतिनिधि कौशल तिवारी ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर देश का युवा तन, मन और धन से मोर्चे के साथ खड़ा है।

बैठक में हिंदू महासभा राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कौशिक, करणी सेना अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत, ग्लोबल यूथ फाउंडेशन अध्यक्ष सतीश तिवारी, परशुराम सेना प्रदेश अध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी, श्री राष्ट्रीय परशुराम सेना संघ प्रदेश प्रभारी पवन कुमार शर्मा, प्रदेश महामंत्री नवीन शर्मा, अखिल भारतीय जनसंघ के अनिल शर्मा, राजस्थान ठेकेदार संघ के राम सिंह शेखावत सहित अजय शर्मा, दशरथ शर्मा, एडवोकेट कपिल शर्मा, जीतू सिंह नाथावत, दशरथ सिंह परमार, सागर बैरवा, धर्मपाल गुर्जर, राधारमण शर्मा और हनुमान प्रसाद शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मोर्चा के प्रमुख मुद्दे

  • UGC Rollback

  • आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था

  • EWS सरलीकरण

  • गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा

  • 'एक देश, एक कानून' की मांग

  • NOTA को लेकर जनजागरूकता अभियान

  • स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में नीतिगत मुद्दों को केंद्र में लाना


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए