रणथंभौर से भटककर खेतों में पहुंचा 4 साल का नर बाघ, वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ा, लगाया रेडियो कॉलर
Tuesday, Mar 10, 2026-06:17 PM (IST)
सवाई माधोपुर । रणथंभौर नेशनल पार्क से सटे रामसिंहपूरा गांव में आज देर शाम नर बाघ खेतों में जा पहुंचा। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। रणथंभौर के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि यह बाघ लगभग चार वर्ष आयु का एक उप-वयस्क नर बाघ है जो वन क्षेत्र से भटककर ग्राम रामसिंहपुरा के समीप खेतों में पहुंच गया। डीएफओ ने बताया कि जिसे वन विभाग की टीम ने सोमवार को देर शाम ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रूप से पकड़ लिया।
डीएफओ ने बताया कि बाघ को 9 मार्च की सुबह सबसे पहले नाहरगढ़ होटल के पास देखा गया था। इसके बाद बाघ कल रात्रि करीब 9 बजे पुनः वन क्षेत्र में चला गया था, लेकिन आज सुबह वह फिर से जंगल से बाहर निकलकर कृषि क्षेत्र में दिखाई दिया। बाघ के गांव के समीप आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। जनसुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम ने बाघ को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान बाघ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। डीएफओ ने बताया कि बाघ की गतिविधियों की वैज्ञानिक निगरानी के लिए उसे रेडियो कॉलर लगाया गया है। आवश्यक परीक्षण और अनुकूल परिस्थितियां सुनिश्चित करने के बाद उसे रणथम्भौर के वन क्षेत्र में पुनः छोड़ा जाएगा। इस पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान फील्ड डायरेक्टर और डीसीएफ स्वयं मौके पर मौजूद रहे तथा वन विभाग की टीम के साथ पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते हुए अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
