राजस्थान पुलिस का बड़ा अलर्ट! चुनाव में डिजिटल वोटिंग और Deepfake के नाम पर साइबर ठगी का खतरा
Saturday, Sep 05, 2026-02:21 PM (IST)
जयपुर। राजस्थान में चुनावी माहौल के बीच राजस्थान पुलिस ने आमजन को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क किया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी चुनाव के नाम पर फर्जी लिंक, भ्रामक मैसेज और डीपफेक वीडियो के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, ‘डिजिटल वोटिंग’, ‘वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने’, ‘वोटर लिस्ट चेक करने’ या ‘पार्टी सदस्यता’ के नाम पर WhatsApp, SMS और सोशल मीडिया के जरिए फर्जी लिंक भेजे जा सकते हैं। इन लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल हो सकता है या फर्जी वेबसाइट खुल सकती है, जहां लोगों से OTP, बैंक डिटेल्स, PIN या आधार जैसी निजी जानकारी मांगी जा सकती है।
सबसे बड़ा खतरा अब AI और Deepfake तकनीक से पैदा हो रहा है। साइबर अपराधी नेताओं, अधिकारियों और चर्चित हस्तियों के चेहरे और आवाज का इस्तेमाल कर नकली वीडियो तैयार कर सकते हैं। इन वीडियो में लोगों को किसी लिंक पर क्लिक करने, वोटर डिटेल अपडेट करने या किसी प्रक्रिया के लिए निजी जानकारी देने के लिए कहा जा सकता है। देखने में ये वीडियो असली लग सकते हैं, लेकिन इनके पीछे साइबर ठगी का जाल हो सकता है।
राजस्थान पुलिस ने लोगों को तीन अहम सावधानियां बरतने की सलाह दी है। पहली—किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। दूसरी—OTP, बैंक PIN, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। तीसरी—सोशल मीडिया पर चुनाव से जुड़ी किसी भी खबर या वीडियो को सत्यापित किए बिना आगे शेयर न करें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट और विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करें। चुनाव से संबंधित जानकारी के लिए चुनाव आयोग के आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें।
अगर किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करना चाहिए। राजस्थान पुलिस की ओर से 9256001930 और 9257510100 नंबरों पर भी संपर्क करने की जानकारी दी गई है।
चुनावी समय में फेक न्यूज और साइबर फ्रॉड का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में AI से बने फर्जी वीडियो और नकली लिंक को पहचानना आम लोगों के लिए चुनौती बन सकता है। राजस्थान पुलिस का संदेश साफ है—चुनाव के दौरान जल्दबाजी में किसी लिंक पर क्लिक न करें, किसी वीडियो पर आंख बंद करके भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
