राजस्थान निकाय चुनाव: BJP ने जारी किया ‘नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026’, 1 लाख आवासीय भूखंड से 15 लाख स्ट्रीट लाइट तक बड़े वादे

Wednesday, Sep 02, 2026-06:48 PM (IST)

जयपुर, 2 सितंबर 2026। राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने ‘नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026’ जारी कर दिया है। भाजपा ने प्रदेश के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बनाने के लिए अगले पांच वर्षों का रोडमैप पेश किया है। संकल्प पत्र का विमोचन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया।

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में प्रदेश के 309 स्थानीय निकायों में नगरीय सुविधाओं के विस्तार और आमजन के जीवन को आसान बनाने पर विशेष जोर दिया है। इसमें आवास, पेयजल, सीवरेज, सफाई, ट्रैफिक, पार्किंग, रोजगार, पर्यावरण, सार्वजनिक परिवहन और डिजिटल सुविधाओं से जुड़े कई लक्ष्य शामिल किए गए हैं।

‘घोषणा पत्र नहीं, संकल्प पत्र है’- CM भजनलाल

संकल्प पत्र जारी करने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा घोषणा पत्र नहीं, बल्कि संकल्प पत्र जारी करती है। उनके अनुसार घोषणा पत्र घोषणाओं तक सीमित होता है, जबकि संकल्प पत्र काम करने का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने जो संकल्प पत्र जारी किया था, उसके 78 फीसदी वादे 32 माह में पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब नगरीय निकायों का कायाकल्प करने के लिए यह नया संकल्प पत्र जारी किया गया है।

1 लाख आवासीय भूखंड और 7 लाख से ज्यादा PNG कनेक्शन का लक्ष्य

भाजपा के नगरीय विकास संकल्प पत्र में अगले पांच वर्षों में अलग-अलग आय वर्गों के लिए एक लाख आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा 7 लाख से अधिक घरों में PNG कनेक्शन, महिलाओं की सुविधा के लिए 2,000 पिंक टॉयलेट्स और नए एवं बाहरी आवासीय क्षेत्रों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट्स लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वरिष्ठ नागरिक सेवा केन्द्र’ स्थापित करने तथा पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स, CNG ऑटो और टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कवर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम करने की बात कही गई है।

सफाई व्यवस्था को लेकर भी बड़े दावे

भाजपा ने शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए आधुनिक वेंडिंग जोन, पार्किंग स्थल और नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में फूड कोर्ट विकसित करने का लक्ष्य रखा है।

डंपिंग साइट्स पर वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाए जाने की बात कही गई है।

इसके अलावा अगले पांच वर्षों में करीब 3,000 किलोमीटर पुरानी सीवर लाइनों की मरम्मत और परिवर्धन की दिशा में काम करने का संकल्प लिया गया है।

CCTV से निगरानी, एक सप्ताह में नक्शों के निस्तारण का लक्ष्य

शहरों में सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए प्रत्येक निकाय क्षेत्र में CCTV कैमरों की व्यवस्था करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रमुख मार्गों के विकास और चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया है।

भवन निर्माण से जुड़े नक्शों की फाइलों के ऑनलाइन निस्तारण की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाते हुए एक सप्ताह में निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है।

यातायात और पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास, ब्रिज, मल्टीलेवल पार्किंग और सामूहिक पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं पर काम करने की बात कही गई है। ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिंग रोड निर्माण की दिशा में भी कार्य करने का संकल्प है।

AI और रोबोटिक तकनीक से बदलेगी शहरों की व्यवस्था

भाजपा ने नगरीय विकास में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी खास जोर दिया है। खराब सड़कों और सीवर लाइनों की जांच के लिए CCTV सर्वे और सड़क खोदे बिना ट्रेंचलेस तकनीक से मरम्मत का प्रावधान किया गया है।

सीवरेज सफाई के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए रोबोटिक 3-in-1 क्लिनिंग मशीन और डिजिटल गैस डिटेक्टर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

युवाओं के लिए ई-लाइब्रेरी, रोजगार मेलों और नगर निगमों में इंटर्नशिप की व्यवस्था करने का भी लक्ष्य रखा गया है। वहीं इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए EV चार्जिंग पॉइंट्स विकसित किए जाएंगे और अभय कमांड सेंटरों को AI तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम होगा।

हरित शहर और ई-बस सेवा पर जोर

संकल्प पत्र में पर्यावरण संरक्षण को भी प्रमुखता दी गई है। प्रत्येक निकाय में नगर वन और ‘लवकुश’ वाटिकाएं विकसित करने की बात कही गई है। जनसहयोग से ग्रीन बेल्ट और ग्रीन एरिया विकसित किए जाएंगे।

वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए प्रमुख पार्कों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन प्रणाली लगाने की दिशा में काम किया जाएगा।

सभी नगर निगम क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के लिए ई-बस सेवा शुरू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इसमें महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई है।

नए गांवों में भी पहुंचेंगी बुनियादी सुविधाएं

नगर निकायों की विस्तारित सीमाओं में शामिल नए गांवों में चरणबद्ध तरीके से सीवरेज, जल, सफाई, कचरा संग्रहण, सड़क, रोड लाइट और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके साथ ही आवश्यकता वाले नगरीय निकायों में सीवरेज व्यवस्था स्थापित करने और जलभराव की समस्या का समाधान करने की बात कही गई है।

हेरिटेज और पर्यटन स्थलों के संरक्षण पर भी फोकस

भाजपा ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के माध्यम से SC/ST, पात्र OBC और EWS वर्गों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी यूनिट्स, हाईराइज बिल्डिंग्स में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं और ऐतिहासिक हवेलियों, हेरिटेज स्थलों, तालाबों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई है।

CM भजनलाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना

संकल्प पत्र जारी करने के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश की स्थिति खराब हुई और भ्रष्टाचार एवं तुष्टिकरण की नीतियों के कारण निकायों में असमानताएं पैदा हुईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने निकायों के पुनर्गठन के लिए नीति बनाई और प्रदेश की 309 निकायों में एक साथ चुनाव कराने का काम किया।

उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान चार लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया गया था और अब तक 1.70 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। साथ ही 1.25 लाख से अधिक भर्ती कैलेंडर जारी किए जाने का दावा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने संकल्प पत्र में जो वादे कर रही है, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल सड़क और इमारतों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षा, रोजगार, पर्यावरण, परिवहन, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को साथ लेकर आधुनिक शहर विकसित किए जाएंगे।

भाजपा का दावा है कि ‘सशक्त शहर–समृद्ध राजस्थान’ के लक्ष्य के साथ तैयार किया गया यह संकल्प पत्र आगामी पांच वर्षों में प्रदेश के नगरीय विकास का रोडमैप बनेगा।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News