पत्नी के पीहर रुकने पर पति बना ‘शोले’ का वीरू, 19 घंटे बाद पेड़ से सुरक्षित उतारा गया

Monday, Mar 16, 2026-03:56 PM (IST)

सिरोही: राजस्थान के सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र में रविवार को एक युवक के पेड़ पर चढ़ जाने से करीब 19 घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मंडार थाना क्षेत्र के कम्बोइया खेड़ा गांव के डामराराम पुत्र करसन कोली ने अपने गले और पेड़ से रस्सी बांधकर पेड़ पर बैठ गए और नीचे आने से लगातार इनकार किया।

 

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, युवक की पत्नी कलु देवी शनिवार को पीहर गई थी और रविवार को वापस नहीं लौटी। इसी कारण नाराज युवक ने यह अजीब कदम उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और लगातार समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ।

 

करीब 19 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीएम राजन लोहिया, तहसीलदार मंजू देवासी और पुलिस-प्रशासन के कई अधिकारी सक्रिय रहे। सोमवार सुबह 5:15 बजे बैटरियों की रोशनी में दो लोग पेड़ पर चढ़े और समय रहते रस्सी काटकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

 

युवक को तुरंत रेवदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही रेफर किया गया। इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे ने ग्रामीणों और अधिकारियों की मेहनत और धैर्य का टेस्ट लिया, लेकिन अंत में युवक की जान सुरक्षित बच गई।

 

यह घटना घरेलू विवाद से उत्पन्न मानसिक तनाव की ओर भी ध्यान आकर्षित करती है और बताती है कि ऐसे मामलों में त्वरित समझदारी और प्रशासनिक हस्तक्षेप बेहद जरूरी है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News