होली पर रेलवे की सौगात: 5 ट्रेनों में 17 कोच जोड़े, कोटा-मथुरा के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन शुरू
Monday, Mar 02, 2026-03:02 PM (IST)
कोटा: होली पर्व पर बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। कोटा-जबलपुर-कोटा होली एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन में 5 अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़े गए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग और त्योहार के दौरान भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जोड़े गए अतिरिक्त डिब्बों में 3 शयनयान श्रेणी, 1 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा 1 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी सह द्वितीय श्रेणी कोच शामिल हैं। कोच वृद्धि के बाद अब इस विशेष ट्रेन में 6 सामान्य श्रेणी, 5 शयनयान श्रेणी, 1 एसी थर्ड, 1 एसी थर्ड सह सेकंड तथा 2 बैठक श्रेणी सहित कुल 17 डिब्बे उपलब्ध रहेंगे। इससे यात्रियों को अधिक सीटें मिल सकेंगी और प्रतीक्षा सूची कम होने की संभावना है।
गाड़ी संख्या 09806 (कोटा-जबलपुर) का संचालन 1 और 3 मार्च को किया जाएगा। यह ट्रेन कोटा से शाम 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:55 बजे जबलपुर पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 09805 (जबलपुर-कोटा) 2 और 4 मार्च 2026 को जबलपुर से सुबह 9:10 बजे प्रस्थान कर रात 10:15 बजे कोटा पहुंचेगी। यह ट्रेन अंता, बारां, अटरू, सालपुरा और छबड़ा गुगोर सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव लेगी।
इसके अलावा कोटा मंडल ने होली के अवसर पर कोटा–मथुरा–कोटा के बीच अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। गाड़ी संख्या 09809 (कोटा–मथुरा) का संचालन 2 मार्च से 4 मार्च 2026 तक कुल तीन फेरों के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन कोटा से सुबह 8:40 बजे रवाना होकर लाखेरी, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीर जी, हिण्डौन सिटी, बयाना और भरतपुर स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर 2:20 बजे मथुरा पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 09810 (मथुरा–कोटा) शाम 5:00 बजे मथुरा से रवाना होकर रात 10:50 बजे कोटा पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 10 डिब्बे होंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES मोबाइल ऐप के माध्यम से अवश्य प्राप्त करें।
