राजस्थान : गहलोत और राजे ने आबे के निधन पर शोक जताया

7/09/2022 9:17:21 AM

जयपुर, आठ जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर संवेदना व्यक्त की।

गहलोत ने ट्वीट में कहा, ‘‘जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर मेरी संवेदनाएं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और जापान के लोगों के साथ है। इस कठिन समय में उन्हें शक्ति मिले।’’
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आबे के निधन को स्तब्ध करने वाली खबर करार दिया। उन्होंने आबे को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें राजनयिक, दूरदर्शी नेता और भारत का सच्चा दोस्त बताया।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने आबे के निधन पर हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट किया,‘‘दुनिया ने एक बेहतरीन नेता खो दिया है। भारत, जापान के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखेगा।’’
उल्लेखनीय है कि आबे (67) को जापान के पश्चिमी हिस्से नारा में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान गोली मारी गई और उन्हें हेलीकॉप्टर से एक अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising