राजस्थान में ढाई महीने में छह लाख पदाधिकारी नियुक्त करेगी कांग्रेस : डोटासरा

6/02/2022 4:09:51 PM

जयपुर, दो मई (भाषा) कांग्रेस अगले ढाई महीनों में राजस्थान में बूथ, पंचायत व मंडल स्तर पर करीब छह लाख पदाधिकारियों की नियुक्ति करेगी। साथ ही सभी 56 हजार बूथों पर बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) भी बनाए जाएंगे।

कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बृहस्पतिवार को उक्त जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में 52,062 बूथ हैं और कांग्रेस संगठन में प्रत्येक बूथ पर 11 व्यक्तियों की कार्यकारिणी, ग्राम पंचायत स्तर पर 21 व्यक्तियों की कार्यकारिणी और मंडल स्तर पर 31 व्यक्तियों की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। एक मंडल में 20-22 बूथ होंगे।’’
उन्होंने कहा कि संगठन में पदाधिकारियों की नियुक्ति का काम 15 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में कांग्रेस 15 अगस्त, 2022 से पहले करीब छह लाख पदाधिकारी नियुक्त करेगी।’’ उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 अगस्त 52062 बूथों पर बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) बनाए जाएंगे।

डोटासरा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उदयपुर में आयोजित ‘नव संकल्प शिविर’ में पारित घोषणापत्र व निर्णयों के कार्यान्वयन पर चर्चा के लिए यहां आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में 650 लोगों ने भाग लिया। डोटासरा ने कहा कि अब 11 से 14 जून तक जिलों में भी ऐसी कार्यशालाएं आयोजित होंगी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising