भाजपा की शील धाभाई बनीं जयपुर ग्रेटर नगर निगम की कार्यवाहक महापौर

6/8/2021 12:03:41 AM

जयपुर, सात जून (भाषा) भाजपा की पार्षद शील धाभाई को जयपुर ग्रेटर नगर निगम का कार्यवाहक महापौर नियुक्त किया गया है।

राज्य के स्वायत्त शासन विभाग ने सोमवार को इस बारे में आदेश जारी किया। आदेश में मुताबिक, जयपुर ग्रेटर नगर निगम में महापौर का पद अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है. लिहाजा वरिष्ठता, अनुभव व नगर निगम में राजनीतिक दल के बहुमत के मद्देनजर शील धाभाई को महापौर पद का कार्यभार सौंपा जाता है।

उल्लेखनीय कि नगर निगम की महापौर सौम्या गुर्जर को नगर निगम आयुक्त यज्ञमित्र सिंह देव के साथ कथित दुर्व्यवहार करने के मामले में रविवार रात उनके पद व पार्षदी से निलंबित कर दिया गया था।

धाभाई वार्ड 60 से भाजपा पार्षद हैं। वे पिछले साल महापौर के चुनाव के समय भी दौड़ में शामिल मानी जा रही थीं। वे पहले जयपुर नगर निगम की महापौर रह चुकी हैं।

उल्लेखनीय है कि जयपुर शहर में दो निगम बनने के बाद पहली बार पिछले साल नवंबर में चुनाव हुए थे। जयपुर ग्रेटर नगर निगम के 150 वार्ड में से भाजपा 88 में, कांग्रेस 49 में तथा निर्दलीय 13 वार्ड में जीते थे। यहां भाजपा की सौम्या गुर्जर मेयर बनीं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising