जैसलमेर में विकास रथ का विरोध जारी, उण्डा गांव में युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

Monday, May 18, 2026-05:08 PM (IST)

जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर जिले में राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुँचाने के लिए निकाले गए विकास रथ का विरोध लगातार जारी है। रविवार को उण्डा गांव में विकास रथ कार्यक्रम के दौरान कुछ युवाओं ने रथ का विरोध किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई युवाओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जिसके बाद गांव में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा तेज हो गई। विरोध के बाद पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल दिया गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर CI राजेश विश्नोई पुलिस जाब्ता सहित मौजूद रहे और घटनाक्रम पर नजर बनाए रखा।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की कई योजनाओं का लाभ आज तक गांव तक नहीं पहुँच पाया, जबकि विकास रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार लगातार हो रहा है। विशेषकर जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं की जमीनी हकीकत गांव में दिखाई नहीं देती। ग्रामीणों का कहना है कि अगर योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से जनता तक पहुँच रहा होता, तो विरोध जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक नाकामी बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार होना चाहिए।

 

विरोध कर रहे युवाओं का कहना है कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इससे गांव में प्रशासनिक कार्रवाई और सरकार की योजनाओं की प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

 

विकास रथ कार्यक्रम को पुलिस सुरक्षा में संपन्न कराया गया। इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुँच और उनकी प्रभावशीलता को लेकर जनता में असंतोष है। विरोध और प्रशासन की कार्रवाई दोनों ने मिलकर उण्डा गांव में सामाजिक और राजनीतिक चर्चा को बढ़ा दिया है, और यह मामला आगामी दिनों में स्थानीय और राज्य स्तर पर राजनीति में चर्चा का विषय बन सकता है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News