राजस्थान के प्रतापगढ़ में पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़, बरसी गोलियां, जवाबी एक्शन में खुला राज

Thursday, Apr 16, 2026-05:53 PM (IST)

प्रतापगढ़: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और तस्करों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है, जिसमें पुलिस ने तस्करों को जबरदस्त जवाबी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप को बरामद किया। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत की गई, जिसमें जिला विशेष टीम (DST) और धरियावद पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

 

मुठभेड़ का घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब पुलिस को बांसी की ओर से एक संदिग्ध पिकअप वाहन के आने की सूचना मिली। DST इंचार्ज प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने पांचागुड़ा के पास नाकाबंदी की। जैसे ही पुलिस ने पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया, तस्करों ने न केवल नाकाबंदी तोड़ी, बल्कि पुलिस की जीप को भी टक्कर मारते हुए उदयपुर की ओर फरार हो गए।

 

पुलिस ने तस्करों का पीछा किया और चेतावनी दी, लेकिन तस्करों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। तस्करों द्वारा लगभग 15 से 16 राउंड गोलीबारी की गई। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद तस्कर घबराकर अपनी पिकअप को धरियावद के आरामपुरा जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

 

पुलिस ने लावारिस हालत में पाई गई पिकअप की तलाशी ली, तो उसमें 38 कट्टों में भरा हुआ भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, इस डोडा चूरे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये है। इसके अलावा, एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप को जब्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

 

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि यह बड़ी कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की जारी मुहिम का हिस्सा है। अब तक तस्करों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News