पाली की पीनल मालवीय बनी राजस्थान की नंबर-1 फैशन डिजाइनर
Tuesday, May 05, 2026-03:00 PM (IST)
पाली: मारवाड़ की माटी का हुनर अब देशभर में नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी पहचान बना रहा है। पाली जिले के सुमेरपुर की रहने वाली पीनल मालवीय ने अपनी रचनात्मकता और कड़ी मेहनत के दम पर फैशन की दुनिया में नया मुकाम हासिल किया है। हाल ही में पीनल को राजस्थान की नंबर-1 फैशन डिजाइनर के खिताब से नवाजा गया, जिससे पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
राजधानी जयपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान भर से 40 चुनिंदा और अनुभवी फैशन डिजाइनरों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले और गहन मूल्यांकन के बाद पीनल मालवीय के डिजाइन्स को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। अपनी यूनिक स्टाइल और मॉडर्न के साथ ट्रेडिशनल का बेहतरीन मेल पेश करते हुए पीनल ने इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर पाली जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया।
इस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पीनल के वेस्टर्न आउटफिट कलेक्शन को निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ माना। उन्होंने आधुनिकता और परंपरा का ऐसा संतुलित संगम पेश किया कि सभी जज उनके डिजाइन्स से प्रभावित हुए।
पीनल की इस उपलब्धि से सुमेरपुर और पाली जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। समाजसेवी मांगू सिंह राजपुरोहित और क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पीनल की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और यह साबित करती है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंच सकती हैं।
पीनल ने अपनी इस सफलता का श्रेय लगातार अभ्यास और अलग करने के जुनून को दिया। फैशन की बारीकियों को समझते हुए उनके डिजाइन्स में जो अलग पहचान बनी, वह उन्हें बाकी 40 डिजाइनरों से आगे खड़ा कर गई।
यह पहली बार है जब सुमेरपुर की किसी बेटी ने इतने बड़े फैशन मंच पर प्रथम स्थान हासिल किया। पीनल की सफलता ने यह साफ कर दिया कि मारवाड़ की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
