छात्रसंघ चुनाव को लेकर फिर उबाल, बीकानेर में सड़क पर उतरे छात्र

Monday, Aug 03, 2026-06:02 PM (IST)

बीकानेर। राजस्थान में एक बार फिर छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है। बीकानेर में सोमवार को छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI ने डूंगर कॉलेज के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने बीकानेर-जयपुर नेशनल हाईवे जाम कर सड़क पर टायर जलाए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

प्रदर्शन में NSUI नेता श्रीकिशन गोदारा, गिरधारी कूकणा सहित कई छात्र नेता और सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं, जो युवाओं में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करते हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से चुनाव नहीं कराए जाने से विद्यार्थियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनावों की घोषणा नहीं की गई, तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।

 

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस कई छात्र नेताओं को थाने ले गई। बाद में जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया गया।

 

गौरतलब है कि, इससे पहले भी छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर डूंगर कॉलेज के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हुई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा था और NSUI शहर जिलाध्यक्ष हरिराम गोदारा समेत सात लोगों को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, बाद में सभी को रिहा कर दिया गया था।

 

फिलहाल बीकानेर में हालात सामान्य हो चुके हैं, लेकिन छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्रों का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा। अब देखना होगा कि सरकार इस बढ़ते दबाव के बीच क्या फैसला लेती है। अब सवाल उठता है की क्या छात्रसंघ चुनाव बहाल होंगे, या फिर राजस्थान के कैंपसों में आंदोलन और तेज होगा?


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News