राजस्थान के करौली में पूर्व सरपंच के घर से निकले एक साथ 9 सांप, गांव में मचा हड़कंप

Thursday, Mar 05, 2026-05:55 PM (IST)

करौली: राजस्थान के करौली जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पूर्व सरपंच के घर से एक साथ नौ सांप निकलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। यह मामला करौली जिले के बालघाट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जहानगर मोरडा ग्राम पंचायत के डूगापुरा गांव का है।

 

जानकारी के अनुसार, गांव के पूर्व सरपंच नारायण गुर्जर के घर के अंदर अचानक सांप दिखाई देने लगे। रसोई और स्टोर रूम के कोनों में सांपों को रेंगते देख परिवार के सदस्य घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घर के भीतर कई सांपों की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

 

घटना की सूचना तुरंत सांप पकड़ने वाली टीम को दी गई। सूचना मिलते ही सर्प मित्र नीरज प्रजापत मौके पर पहुंचे और सांपों को पकड़ने का अभियान शुरू किया। उन्होंने घर के विभिन्न हिस्सों की सावधानीपूर्वक जांच की। इस दौरान दीवारों की दरारों, लकड़ियों के ढेर और पुराने सामान के पीछे छिपे सांपों को एक-एक कर बाहर निकाला गया।

 

करीब एक घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद कुल नौ सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। सर्प मित्र ने बताया कि सभी सांपों को बिना किसी नुकसान के पकड़ा गया और बाद में उन्हें जंगल के सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सर्प मित्र मौके पर नहीं पहुंचते तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इस घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और लोग सांपों को देखने के लिए मौके पर पहुंचते रहे।

 

घटना के बाद ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखने, लकड़ियों और पुराने सामान को खुले में इकट्ठा न करने तथा सांपों के संभावित बिलों को बंद करने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News